बस्ती। लालगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत कुंवानो नदी के दबिला घाट पर बुधवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव नदी में उतराता हुआ मिला। गांव के लोगों ने शव को देखे जाने के बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी महसो अनस अख्तर मौके पर पहुंच गए। थोड़ी ही देर में थाना प्रभारी लालगंज संजय कुमार एवं थानाध्यक्ष नगर भानु प्रताप सिंह भी घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक पहचान नहीं हो सकी थी।
घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी रुधौली कुलदीप सिंह यादव भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मृतक के हाथ पर ‘दीपक’ नाम लिखा हुआ है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वह महसो के राजा मैदान क्षेत्र में पिछले लगभग 10 वर्षों से रहकर लोगों के यहां मजदूरी का कार्य करता था।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक शराब पीने का आदी था। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और शव की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
