•8033 केंद्रों में 52 लाख से ज्यादा छात्र छात्राएं देंगे परीक्षाएं।
रिपोर्ट: पवन कुमार रस्तोगी।
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने वर्ष 2026 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाएं कल 18 फरवरी से शुरू हो जाएंगी। इस बार बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी 2026 से शुरू होकर 12 मार्च 2026 तक चलेंगी। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए दोनों ही कक्षाओं का पहला पेपर हिन्दी विषय का रखा गया है।
यूपी बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने जानकारी दी कि हाईस्कूल की परीक्षाएं 15 कार्य दिवसों में और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 14 कार्य दिवसों में पूरी कराई जाएंगी। परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक तथा द्वितीय पाली की परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे होगी। इस वर्ष बोर्ड परीक्षा में कुल 52,30,297 परीक्षार्थी शामिल होंगे। चौंकाने वाली बात यह है कि पिछले साल (2025) की तुलना में इस बार परीक्षार्थियों की संख्या में 2,06,877 की कमी आई है। इस बार
हाईस्कूल में कुल 27,50,945 परीक्षार्थी जिसमें 14,38,682 छात्र और 13,12,263 छात्राएं शामिल है। इंटरमीडिएट में कुल 24,79,352 परीक्षार्थी हैं, जिसमें 13,03,012 छात्र और 11,76,340 छात्राएं शामिल है। इससे पता चलता है कि जहां हाईस्कूल में परीक्षार्थियों की संख्या में 18,780 की मामूली बढ़ोतरी हुई है, वहीं इंटरमीडिएट में 2,25,657 परीक्षार्थी कम हुए हैं।
छात्रों की संख्या घटने का सीधा असर परीक्षा केंद्रों पर पड़ा है। यूपी बोर्ड के मानकों के अनुसार, एक केंद्र पर औसतन 500 से 1000 छात्र आवंटित होते हैं। इस लिहाज से इस बार प्रदेश भर में 200 से अधिक परीक्षा केंद्र कम हो गये हैं। ज्ञात हो कि 2025 में 8,140 केंद्र बनाए गए थे, जबकि 2024 में इनकी संख्या 8,265 थी। इस बार 8033 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा कराई जायेगी।
