गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा यात्रियों की सुरक्षा, रेल संपत्ति की रक्षा और मानव तस्करी की रोकथाम के तहत लगातार सतर्कता बरती जा रही है। इसी क्रम में विभिन्न स्टेशनों पर चलाए गए अभियान के दौरान कई महत्वपूर्ण कार्यवाही की गई।
आरपीएफ पोस्ट गोंडा को 29 मार्च को प्लेटफार्म संख्या-2 पर करीब 5 वर्षीय एक बालक लावारिस हालत में मिला। पूछताछ के बाद बच्चे को चाइल्ड लाइन गोंडा के सुपुर्द कर दिया गया।
वहीं, 28 मार्च को आरपीएफ लखनऊ सिटी ने डालीगंज रेलवे स्टेशन पर ट्रेन संख्या 55085 से गुम हुई 45 वर्षीय महिला को सुरक्षित बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया। इसी दिन आरपीएफ वाराणसी को ट्रेन संख्या 65109 में 19 वर्षीय एक विच्छिप्त युवती मिली, जिसे वन स्टॉप सेंटर वाराणसी को सुपुर्द किया गया।
इसके अलावा, 29 मार्च को गोंडा पोस्ट को ट्रेन संख्या 15033 में एक यात्री का छूटा हुआ मोबाइल फोन मिला, जिसे सुरक्षित रखकर बाद में संबंधित यात्री को लौटा दिया गया। इसी दिन आरपीएफ बादशाहनगर द्वारा स्टेशन पर निगरानी के दौरान एक लावारिस बैग बरामद किया गया, जिसे पोस्ट पर सुरक्षित रखा गया और बाद में यात्री के आने पर उसे सुपुर्द कर दिया गया।
आरपीएफ की इन कार्रवाइयों से यात्रियों की सुरक्षा और सहायता के प्रति उनकी सक्रियता स्पष्ट रूप से परिलक्षित होती है।
