गोरखपुर: पूर्वोत्तर रेलवे के सिग्नल कारखाना, गोरखपुर में उत्पादन इंजीनियर ध्रुव कुमार शर्मा की अध्यक्षता में “राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक”, महादेवी वर्मा जयंती पर विशेष हिंदी कार्यशाला, प्रेमचंद एवं मैथिली शरण गुप्त पुरस्कार योजना-2025 तथा “मधुमेह रोग से बचाव” विषय पर तकनीकी संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए ध्रुव कुमार शर्मा ने महादेवी वर्मा को हिंदी साहित्य की महान कवयित्री बताते हुए उन्हें छायावाद युग के चार प्रमुख स्तंभों में से एक बताया। उन्होंने रेलकर्मियों से राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय एवं रेलवे बोर्ड द्वारा निर्धारित वार्षिक कार्यक्रम 2025-26 के लक्ष्यों का पूर्ण रूप से पालन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन सहायक कारखाना प्रबंधक एवं राजभाषा संपर्क अधिकारी बीरेश कुमार श्रीवास्तव ने किया। उन्होंने सभी कंप्यूटर उपयोगकर्ताओं से यूनिकोड आधारित हिंदी (मंगल फॉन्ट) में कार्य करने पर बल दिया।
इस अवसर पर वरिष्ठ अनुवादक सपना खरे ने विशेष हिंदी कार्यशाला में प्रेमचंद एवं मैथिली शरण गुप्त पुरस्कार योजना-2025 की जानकारी दी। वहीं “मधुमेह रोग से बचाव” विषय पर आयोजित तकनीकी संगोष्ठी में स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई। वरिष्ठ अनुवादक अनामिका सिंह ने महादेवी वर्मा के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य कार्यालय अधीक्षक गिरिजेश सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर सहायक वित्त सलाहकार विनय कुमार बर्नवाल सहित सिग्नल कारखाना के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
