लखनऊ। थाना हजरतगंज क्षेत्र में लोकभवन गेट संख्या-3 के पास एक महिला द्वारा आत्मदाह का प्रयास किए जाने की घटना सामने आई है। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने तत्परता और सूझबूझ दिखाते हुए महिला को सुरक्षित बचा लिया और उसे थाना हजरतगंज लाकर पूछताछ की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार को लगभग 12:40 बजे संध्या सिंह पत्नी सुखदेव सिंह, निवासी न्यू श्रीनगर थाना मानकनगर, हाल निवासी इंदिरानगर थाना गाजीपुर, लोकभवन गेट संख्या-3 के पास पहुंचीं और अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आत्मदाह का प्रयास करने लगीं। मौके पर तैनात पुलिस कर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें सुरक्षित रोक लिया और थाना हजरतगंज लाया गया, जहां अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
प्रारम्भिक पूछताछ में पता चला है कि महिला का अपने पड़ोसी के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। महिला के अनुसार, थाना मानकनगर क्षेत्र में चल रहे इस भूमि विवाद को लेकर वह राजस्व विभाग में कई बार शिकायत कर चुकी हैं। 16 फरवरी 2026 को राजस्व विभाग द्वारा पुलिस की उपस्थिति में भूमि की पैमाइश कराई गई थी, जिससे वह असंतुष्ट बताई जा रही हैं।
महिला ने आरोप लगाया है कि उसकी जमीन पर इकबाल नामक व्यक्ति द्वारा कब्जा किया गया है और वह उसके विरुद्ध कार्रवाई की मांग कर रही हैं।
पूछताछ में यह भी सामने आया है कि इससे पूर्व 27 फरवरी 2026 को भी महिला द्वारा लोकभवन के पास आत्मदाह का प्रयास किया गया था। उस समय भी पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए उन्हें सुरक्षित रोक लिया था और थाना मानकनगर पुलिस को सुपुर्द किया गया था। इस प्रकरण में थाना मानकनगर पुलिस द्वारा राजस्व विभाग से पत्राचार कर विधिक निस्तारण की प्रक्रिया पहले से ही प्रारम्भ की जा चुकी है।
पुलिस द्वारा महिला की काउंसलिंग कराई जा रही है तथा संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर प्रकरण के शीघ्र विधिक निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
