लखनऊ। बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय, लखनऊ के भूविज्ञान विभाग के विद्यार्थियों ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। विभाग के दो मेधावी विद्यार्थी ऋषि राज झा और शिवा मिश्रा का चयन देश की अग्रणी सीमेंट निर्माण कंपनी अल्ट्राटेक सीमेंट द्वारा किया गया है।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह सफलता छात्रों की मेहनत, समर्पण और विभाग में उपलब्ध उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण का परिणाम है।
यह चयन कंपनी द्वारा आयोजित भर्ती प्रक्रिया में विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर किया गया। तीन माह की प्रशिक्षण अवधि के दौरान चयनित विद्यार्थियों को प्रति माह 20 हजार रुपये का वजीफा प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण अवधि पूर्ण होने के बाद उन्हें 12 माह के प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल किया जाएगा, जिसमें वार्षिक 5.5 लाख रुपये का वेतन पैकेज दिया जाएगा। प्रशिक्षण अवधि के दौरान बेहतर प्रदर्शन के आधार पर उन्हें 6 लाख रुपये वार्षिक वेतन के साथ स्थायी नियुक्ति भी दी जा सकती है, जिसमें यात्रा एवं आवास भत्ता भी शामिल रहेगा।
प्रशिक्षण के दौरान चयनित विद्यार्थी कंपनी की विभिन्न परियोजनाओं में भाग लेंगे, जहां उन्हें चूना पत्थर के भंडारों का सर्वेक्षण, भूवैज्ञानिक विश्लेषण, खनिज संसाधनों का मूल्यांकन तथा सीमेंट उद्योग से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे उन्हें औद्योगिक क्षेत्र के वास्तविक कार्य वातावरण को समझने तथा व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिलेगा, जो उनके भविष्य के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा।
यह उपलब्धि न केवल चयनित विद्यार्थियों के लिए बल्कि भूविज्ञान विभाग और विश्वविद्यालय के लिए भी गर्व और प्रेरणा का विषय मानी जा रही है। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष प्रो. नरेंद्र कुमार ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विभाग के सभी शिक्षकों ने भी इस उपलब्धि को विभाग के लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि यह सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और विश्वविद्यालय की शैक्षणिक प्रतिष्ठा को और सुदृढ़ करेगी।
