देहरादून। चारधाम यात्रा 2026 को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने इस बार नई पहल करते हुए हेल्थ अलर्ट अभियान शुरू किया है। इसका उद्देश्य उच्च हिमालयी क्षेत्रों में होने वाली स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति श्रद्धालुओं को पहले से जागरूक करना है।
स्वास्थ्य विभाग ने सचिव स्वास्थ्य सचिन कुर्वे के निर्देशन में देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले तीर्थयात्रियों के लिए विशेष हेल्थ एडवाइजरी जारी की है। इस पहल का लक्ष्य यात्रा के दौरान संभावित स्वास्थ्य जोखिमों को कम करना और यात्रियों को आवश्यक सावधानियों के प्रति सचेत करना है।
इसके साथ ही अंतरराज्यीय समन्वय को मजबूत करने की दिशा में भी ठोस कदम उठाए गए हैं। सहायक निदेशक डॉ. अमित शुक्ला ने राजस्थान का दौरा कर वहां के प्रशासनिक एवं स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ बैठक कर स्वास्थ्य संबंधी दिशानिर्देश साझा किए।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि चारधाम यात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इन दिशानिर्देशों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। विशेष रूप से राजस्थान से आने वाले यात्रियों को यात्रा से पूर्व आवश्यक स्वास्थ्य जानकारी, सावधानियां और गाइडलाइन उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया, ताकि वे पूरी तैयारी और जागरूकता के साथ यात्रा पर निकल सकें।
स्वास्थ्य विभाग की यह पहल चारधाम यात्रा को अधिक सुरक्षित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
