कुदरहा। लालगंज थाना क्षेत्र के रघऊपुर गांव से 14 वर्षीय किशोरी के लापता होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद से परिजनों में चिंता और बेचैनी का माहौल बना हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रघऊपुर निवासी श्यामसुंदर की पुत्री प्रियंका मंगलवार दोपहर लगभग 12 बजे बिना किसी को बताए घर से कहीं चली गई। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में काफी खोजबीन की, लेकिन 24 घंटे बीत जाने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
प्रियंका नगर पंचायत गायघाट स्थित एक निजी विद्यालय में कक्षा 9 की छात्रा है। परिजनों के अनुसार, घर से निकलते समय वह काला टी-शर्ट और लाल स्वेटर पहने हुए थी।
थक-हार कर परिजनों ने बुधवार को लालगंज थाने में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। थाना अध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है और किशोरी की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस संभावित स्थानों पर छानबीन कर रही है।
