लखनऊ। मकर संक्रांति के पावन पर्व पर ओला इलेक्ट्रिक ने उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ को केंद्र में रखते हुए ऊर्जा और ई-मोबिलिटी सेक्टर में बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने वर्ष 2026 की शुरुआत में अपने स्वदेशी 4680 भारत सेल प्लेटफॉर्म के लखनऊ में विस्तार की घोषणा की।
इस फैसले के तहत अब लखनऊ के व्यवसायों और स्टार्टअप्स को सीधे 4680 भारत सेल या 1.5kWh क्षमता वाले 4680 भारत सेल बैटरी पैक खरीदने की सुविधा मिलेगी। इन बैटरी समाधानों का उपयोग ऑटोमोटिव, ह्यूमनॉइड्स, ड्रोन और पोर्टेबल मेडिकल उपकरणों जैसे उभरते और अत्याधुनिक क्षेत्रों में किया जा सकेगा, जिससे स्थानीय स्तर पर इनोवेशन और टेक्नोलॉजी आधारित उद्योगों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
कंपनी का कहना है कि इस पहल से लखनऊ ही नहीं बल्कि पूरे भारत में डिज़ाइन, इंजीनियरिंग और मैन्युफैक्चरिंग आधारित नई ऊर्जा स्टोरेज सॉल्यूशंस को मजबूती मिलेगी। स्टार्टअप्स और उद्यमों को अब एक स्केलेबल और स्वदेशी एनर्जी प्लेटफॉर्म मिलेगा, जिससे वे अपने उत्पादों को तेजी से विकसित करने के साथ-साथ बड़े स्तर पर विस्तार कर सकेंगे।
मकर संक्रांति के शुभ मुहूर्त में ओला इलेक्ट्रिक ने लखनऊ में एक और महत्वपूर्ण पहल करते हुए पच्चीस से अधिक परिवारों को भारतीय निर्मित रेसिडेंशियल बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम ‘ओला शक्ति’ का वितरण किया। इसके साथ ही कंपनी ने घोषणा की कि ओला शक्ति अब आम उपभोक्ताओं के लिए खरीद के लिए उपलब्ध है।
ओला शक्ति का 6kW/9.1kWh वेरिएंट जनवरी 2026 के अंत से डिलीवरी के लिए उपलब्ध होगा, जबकि 3kW/5.2kWh वेरिएंट की डिलीवरी फरवरी 2026 के मध्य से शुरू की जाएगी। यह सिस्टम भारतीय घरों के लिए ऊर्जा को एक पोर्टेबल और ऑन-डिमांड संसाधन के रूप में उपयोग करने की दिशा में अहम बदलाव माना जा रहा है।
ओला इलेक्ट्रिक ने अपनी फ्लैगशिप इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल रोडस्टर X+ 9.1kWh की डिलीवरी शुरू होने की जानकारी भी दी। यह मोटरसाइकिल 4680 भारत सेल से पावर्ड है और कंपनी के अनुसार सिंगल चार्ज पर 500 किलोमीटर तक की रेंज देने में सक्षम है। इसके अलावा, S1 Pro+ 5.2kWh की डिलीवरी को भी पूरे देश में बड़े स्तर पर स्केल-अप कर दिया गया है, जिससे इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर सेगमेंट में कंपनी की मौजूदगी और मजबूत होने की संभावना है।
कंपनी के मुताबिक, इन सभी उत्पादों का मूल आधार 4680 भारत सेल है, जो उसका इन-हाउस एनर्जी प्लेटफॉर्म है। यही प्लेटफॉर्म अब दोपहिया वाहनों के साथ-साथ रेसिडेंशियल एनर्जी स्टोरेज सिस्टम ओला शक्ति को भी पावर दे रहा है। ‘एक सेल, एक प्लेटफॉर्म, एक पोर्टफोलियो’ की अवधारणा के साथ पूरी तरह भारत के लिए विकसित यह तकनीक भारतीय घरों, खेतों और व्यवसायों के लिए ऊर्जा के उपयोग के तरीके में बुनियादी परिवर्तन लाने का दावा करती है।
ओला इलेक्ट्रिक के प्रवक्ता ने कहा कि 4680 भारत सेल उनके इन-हाउस एनर्जी और मोबिलिटी इकोसिस्टम की रीढ़ है और अब इस प्लेटफॉर्म को कंज्यूमर व्हीकल्स और रेसिडेंशियल एनर्जी से आगे बढ़ाकर बड़े पैमाने पर स्केल किया जा रहा है। व्यवसायों और स्टार्टअप्स के लिए इस प्लेटफॉर्म को खोलने से ह्यूमनॉइड्स, ड्रोन, इलेक्ट्रिक व्हीकल्स और पोर्टेबल मेडिकल मशीनों जैसे विविध अनुप्रयोगों को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि कंपनियां या तो सीधे 4680 भारत सेल खरीद सकती हैं या 1.5kWh बैटरी पैक के माध्यम से अपने उत्पादों को तेजी से विकसित कर सकती हैं। एक ही सेल और स्केलेबल प्लेटफॉर्म के जरिए मोबिलिटी, एनर्जी और एडवांस्ड टेक्नोलॉजी को पावर देकर ओला इलेक्ट्रिक भारत में भविष्य के लिए तैयार एक मजबूत और आत्मनिर्भर एनर्जी बैकबोन तैयार करने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रही है।
