कप्तानगंज। ब्लॉक संसाधन केंद्र कप्तानगंज में ब्लॉक के समस्त परिषदीय विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों की एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में 27 जनवरी से प्रारंभ होने वाले निपुण असेसमेंट के संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी प्रभात श्रीवास्तव ने विस्तार से जानकारी दी और इसकी तैयारी को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

खंड शिक्षा अधिकारी ने विद्यालयों में नामांकन वृद्धि के लिए ठोस योजना बनाकर प्रभावी ढंग से कार्य करने पर विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर कार्यवाहक अध्यक्ष हरेंद्र यादव ने कहा कि गणतंत्र दिवस एवं वार्षिकोत्सव कार्यक्रमों में सेवित ग्राम के गणमान्य नागरिकों एवं अभिभावकों को आमंत्रित कर बच्चों की प्रतिभा का प्रदर्शन कराया जाए। साथ ही, उन्हें सम्मानित कर विद्यालय से जोड़ने का प्रयास किया जाए, जिससे नामांकन संख्या में वृद्धि संभव हो सके।
बैठक में सभी प्रधानाध्यापकों ने दिए गए निर्देशों के अनुरूप कार्य करने का आश्वासन दिया।
