•सुभाष यदुवंश ने नियम 115 के तहत उठाया ध्यानाकर्षण प्रस्ताव
बस्ती। बजट सत्र के दौरान विधान परिषद सदस्य सुभाष यदुवंश ने बस्ती जनपद को अंबेडकरनगर से जोड़ने वाले कलवारी-टांडा मार्ग पर एक नए, आधुनिक एवं चौड़े पुल के निर्माण की मांग विधान परिषद में उठाई। उन्होंने नियम 115 के तहत ध्यानाकर्षण प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए कहा कि यह मार्ग क्षेत्रीय दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है।
सुभाष यदुवंश ने कहा कि यह पुल केवल दो जनपदों को जोड़ने का माध्यम नहीं है, बल्कि पूर्वांचल के सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, अंबेडकरनगर, बस्ती और आजमगढ़ सहित अनेक जिलों को नेपाल सीमा से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। व्यापार, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और सीमावर्ती आवागमन की दृष्टि से इसकी रणनीतिक महत्ता अत्यधिक है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में इस मार्ग पर केवल एक पुराना और अत्यंत संकरा पुल मौजूद है, जिसकी चौड़ाई वर्तमान यातायात की आवश्यकताओं के अनुरूप नहीं है। भारी वाहनों, यात्री बसों, एंबुलेंस और दैनिक आवागमन के कारण यहां अक्सर भीषण जाम की स्थिति बन जाती है। इससे आम नागरिकों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ती है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। आपातकालीन सेवाएं भी प्रभावित होती हैं।
विधान परिषद सदस्य ने कहा कि यह समस्या केवल असुविधा का विषय नहीं, बल्कि आर्थिक क्षति, समय की बर्बादी और जनसुरक्षा से जुड़ा गंभीर मुद्दा बन चुकी है। पूर्वांचल के संतुलित विकास, नेपाल से व्यापारिक संपर्क को सुदृढ़ करने और क्षेत्रीय समृद्धि को बढ़ावा देने के लिए इस मार्ग पर एक सुदृढ़ एवं आधुनिक पुल का निर्माण अत्यंत आवश्यक है।
