गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक श्री उदय बोरवणकर ने संरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले तीन कर्मचारियों को ‘सेफ्टी स्टार ऑफ द मंथ’ घोषित कर सम्मानित किया। महाप्रबंधक सभाकक्ष, गोरखपुर में आयोजित कार्यक्रम में उन्हें नकद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
सम्मानित कर्मचारियों में वाराणसी मंडल के चौरी चौरा स्टेशन पर तैनात स्टेशन मास्टर नागेंद्र कुमार शामिल हैं। उन्होंने 23 जनवरी 2026 को ड्यूटी के दौरान मालगाड़ी के एक वैगन से चिंगारी और चक्का लाल होते देख तत्काल वीएचएफ के माध्यम से लोको पायलट और ट्रेन मैनेजर को सूचना दी। जांच में ब्रेक बाइंडिंग की समस्या सामने आई, जिसे समय रहते ठीक कर सुरक्षित संचालन सुनिश्चित किया गया। उनकी सतर्कता से एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
इसी प्रकार लखनऊ मंडल के ट्रैक मेंटेनर संतोष चौधरी को भी सम्मानित किया गया। उन्होंने कैम्पियरगंज-आनंदनगर रेलखंड के बीच पेट्रोलिंग के दौरान टूटी रेल की पहचान कर तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचित किया, जिससे संभावित हादसे को टाल दिया गया।
इज्जतनगर मंडल के ट्रैक मेंटेनर राजकुमार बघेल ने भी शीतकालीन पेट्रोलिंग के दौरान कासगंज-मथुरा रेलखंड पर टूटी रेल का पता लगाकर आने वाली ट्रेन को समय रहते रोक दिया और अधिकारियों को सूचित किया। उनकी सजगता से भी बड़ी दुर्घटना होने से बच गई।
रेल प्रशासन ने इन कर्मचारियों की तत्परता और जिम्मेदारी की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे उदाहरण रेलवे सुरक्षा को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
