दीपक कुमार की रिपोर्ट।
हरिद्वार (उत्तराखंड)। हरिद्वार के भूपतवाला क्षेत्र स्थित सहकारी अस्पताल में आवश्यक सुविधाओं के अभाव को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि अस्पताल का निर्माण एवं उद्घाटन हुए एक वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अब तक यहां पर्याप्त स्टाफ और आवश्यक मशीनों की व्यवस्था नहीं की गई है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

धरना दे रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि उन्हें अस्पताल के निर्माण से कोई आपत्ति नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र के लिए एक अच्छी पहल है। लेकिन, अस्पताल शुरू होने के बावजूद मरीजों को अभी भी अन्य बड़े अस्पतालों में रेफर किया जा रहा है, जो चिंता का विषय है।
कार्यकर्ताओं ने मांग की कि जब अस्पताल बनकर तैयार हो चुका है और काफी समय बीत चुका है, तो यहां सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने सरकार से अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों, पर्याप्त स्टाफ और आधुनिक मशीनों की शीघ्र व्यवस्था करने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने यह भी कहा कि हरिद्वार एक प्रमुख पर्यटन स्थल है, जहां लगातार बढ़ते ट्रैफिक के कारण गंभीर मरीजों को दूर स्थित अस्पतालों तक ले जाना कठिन हो जाता है। कई बार आपात स्थिति में मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी के खिलाफ विरोध करना नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं दिलाना है। उन्होंने सरकार से जल्द से जल्द उनकी मांगों को पूरा करने की अपील की है।
