— राहुल मिश्रा, संवाददाता।
मिश्रिख (सीतापुर)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मिश्रिख में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति एक बार फिर सामने आई है। आरोप है कि एक मरीज को चार घंटे तक इंतजार करने के बावजूद डॉक्टर देखने नहीं पहुंचे, जिससे उसकी हालत बिगड़ती रही।
मीडिया टीम के मौके पर पहुंचने पर अस्पताल में मौजूद एक महिला ने बताया कि कई बार सूचना देने के बावजूद कोई डॉक्टर मरीज को देखने नहीं आया। मरीज बेड पर तड़पता रहा, लेकिन स्वास्थ्यकर्मियों की ओर से अपेक्षित तत्परता नहीं दिखाई गई।
बताया जाता है कि हाल ही में जिलाधिकारी द्वारा अस्पताल का निरीक्षण किया गया था और अधीक्षक को मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए थे। साथ ही बाहर की दवाएं लिखने पर भी रोक लगाने की बात कही गई थी। इसके बावजूद स्थिति में सुधार नहीं दिख रहा है।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में चारों ओर गंदगी पाई गई, जो संक्रमण फैलने का कारण बन सकती है। आरोप है कि सफाई व्यवस्था भी लचर है और तैनात सफाईकर्मी अपने दायित्वों का समुचित निर्वहन नहीं कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं की इस लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेकर सुधारात्मक कदम उठाता है।
