रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
मिश्रिख (सीतापुर)। नैमिषारण्य क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर कलेक्ट्रेट में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधायक रामकृष्ण, सांसद अशोक रावत एवं जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर.के. की उपस्थिति में जिला स्तरीय अधिकारियों ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तावित योजनाओं की विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत की।
अधिकारियों ने बताया कि सभी विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तय समयसीमा में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराया जाएगा। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।
विधायक और सांसद ने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता के साथ पारदर्शिता बनाए रखना बेहद जरूरी है। साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि नैमिषारण्य क्षेत्र में चल रही सभी योजनाओं का क्रियान्वयन इस तरह किया जाए कि उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व नीतीश सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।
