रिपोर्ट : राहुल मिश्रा।
सीतापुर। जनपद में प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी और गतिशील बनाने के उद्देश्य से मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) प्रणता ऐश्वर्या द्वारा खंड विकास अधिकारियों के स्तर पर व्यापक फेरबदल किया गया है। जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद 7 खंड विकास अधिकारियों (बीडीओ) के स्थानांतरण एवं नवीन तैनाती के आदेश जारी कर दिए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार श्री धनंजय सिंह को उपायुक्त, स्व-रोजगार कार्यालय से विकास खंड बिसवां भेजा गया है। श्री सुमित सिंह को बिसवां से मछरेहटा, श्री राजेश कुमार तिवारी को मछरेहटा से सिधौली स्थानांतरित किया गया है। इसी क्रम में श्रीमती प्रीति तिवारी को कार्यक्रम अधिकारी लहरपुर से महोली, श्री विकास कुमार सिंह को पहला से पिसावां तथा श्री अमित कुमार यादव को पिसावां से पहला भेजा गया है।
वहीं श्री श्रीश गुप्ता को सकरन विकास खंड के साथ-साथ कार्यक्रम अधिकारी लहरपुर का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
मुख्य विकास अधिकारी द्वारा जारी यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपनी नवीन तैनाती स्थल पर शीघ्र कार्यभार ग्रहण कर इसकी सूचना कार्यालय को उपलब्ध कराएं।
प्रशासनिक हलकों में इस फेरबदल को विकास कार्यों में तेजी लाने, बेहतर समन्वय स्थापित करने और पारदर्शिता को सुदृढ़ करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

