बस्ती। आस्था और अटूट श्रद्धा की अनूठी मिसाल पेश करते हुए बिहार के सीतामढ़ी जिले के ग्राम विशुनपुर गोनाही निवासी जय प्रकाश साह अपनी पत्नी सुहागवती देवी के साथ 1007 किलोमीटर की दंडवत यात्रा पर वृंदावन के लिए निकले हैं। यह कठिन यात्रा 3 जनवरी 2026 से प्रारंभ हुई है, जिसमें दोनों प्रतिदिन सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक दंडवत करते हुए आगे बढ़ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि दंपत्ति इस समय बस्ती जिले से होकर गुजर रहे हैं और राष्ट्रीय राजमार्ग के रास्ते अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। पति के इस कठिन संकल्प में पत्नी ने भी पूर्ण सहयोग देते हुए साथ चलने का निर्णय लिया। प्रारंभ में परिवार के सदस्यों ने चिंता जताई, लेकिन बाद में उनके संकल्प का समर्थन किया।
दंपत्ति संत प्रेमानंद जी महाराज के प्रति गहरी आस्था रखते हैं और उन्हीं के दर्शन के साथ वृंदावन में राधा रानी के दर्शन का संकल्प लेकर यात्रा कर रहे हैं। वे अपने साथ राधा रानी की तस्वीर भी लिए हुए हैं।
जय प्रकाश साह के अनुसार, मोबाइल पर संत प्रेमानंद जी महाराज के प्रवचन सुनते-सुनते उनके प्रति गहरा लगाव उत्पन्न हुआ, जिसके बाद उन्होंने यह कठिन दंडवत यात्रा करने का निर्णय लिया। उनकी यह आस्था और समर्पण क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
