•एक युवक गोरखपुर रेफर, दो का कुदरहा सीएचसी में चल रहा उपचार।
कुदरहा(बस्ती)। कलवारी थाना क्षेत्र अंतर्गत राम जानकी मार्ग पर स्थित छरदही गांव के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कुदरहा पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार, भंगुरा निवासी जितेंद्र पुत्र चिंतामणि और बलवंत पुत्र रामचंद्र मोटरसाइकिल से कुदरहा बाजार स्थित बैंक में कार्य से आए थे। वापस लौटते समय छरदही गांव के पास उनकी बाइक की टक्कर सामने से आ रही दूसरी बाइक से हो गई। दूसरी बाइक पर गायघाट की ओर से शंकरपुर जा रहे गोविंद (24) पुत्र राम हरख सवार थे।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस बुलाकर सभी को सीएचसी कुदरहा भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल गोविंद को जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहां हालत में सुधार न होने पर डॉक्टरों ने उसे गोरखपुर के लिए रेफर कर दिया।
अन्य घायल जितेंद्र और बलवंत का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुदरहा में जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
