बस्ती। जनपद के मुण्डेरवा थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के मामले में वांछित अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना मुण्डेरवा क्षेत्र की एक पीड़िता ने 14 फरवरी 2026 को स्थानीय थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि ऊचगांव निवासी संदीप कुमार पुत्र सतिराम ने उसे शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर दुष्कर्म किया। पीड़िता की शिकायत के आधार पर थाना मुण्डेरवा में मु0अ0सं0 32/2026 धारा 69, 352, 351(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
प्रकरण की विवेचना उपनिरीक्षक जावेद खान द्वारा की जा रही थी। इसी क्रम में थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर सोमवार को करीब 14:00 बजे गोदमवा मोड़ से आरोपी संदीप कुमार (उम्र लगभग 29 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी टीम में थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह, उपनिरीक्षक जावेद खान तथा कांस्टेबल जितेन्द्र शाह शामिल रहे।
