महराजगंज। विकास भवन स्थित श्रम-रोजगार कार्यालय में बुधवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक बर्खास्त तकनीकी सहायक लाइसेंसी पिस्टल लेकर कार्यालय में घुस गया और उपायुक्त (श्रम-रोजगार) गोरेन्द्र सिंह से मारपीट कर दी। घटना से कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों में दहशत फैल गई।
जानकारी के अनुसार पूर्व तकनीकी सहायक (मनरेगा) अरविंद कुमार श्रीवास्तव बुधवार शाम करीब 4:50 बजे कार्यालय पहुंचा और दो वर्ष का बकाया वेतन देने की मांग करने लगा। इस पर उपायुक्त ने बताया कि तथ्यों को छिपाकर मानदेय लेने के कारण उसके खिलाफ कार्रवाई की गई थी और मामला उच्च न्यायालय में विचाराधीन है, इसलिए न्यायालय के आदेश के अनुसार ही आगे की कार्रवाई संभव है।
यह बात सुनते ही अरविंद श्रीवास्तव आक्रोशित हो गया और गाली-गलौज करते हुए उपायुक्त पर हमला कर दिया। मारपीट में गोरेन्द्र सिंह के दाहिने हाथ की दो उंगलियां घायल हो गईं, जबकि पेट और चेहरे पर भी चोट आई। आरोपी ने कार्यालय में रखी कई सरकारी फाइलें भी फाड़ दीं।
हंगामा सुनकर अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया। जाते-जाते उसने जान से मारने की धमकी भी दी।
सदर कोतवाल निर्भय कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी अरविंद कुमार श्रीवास्तव के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 352, 351(3), 224(2) और 132 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है और मामले की जांच जारी
