•बस्ती, सिद्धार्थनगर व संतकबीरनगर के पुलिस अधिकारियों संग बैठक; साइबर अपराध, महिला सुरक्षा व वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी पर जोर
बस्ती। परिक्षेत्रीय कार्यालय बस्ती में शनिवार को संजीव त्यागी (पुलिस उपमहानिरीक्षक, बस्ती परिक्षेत्र) की अध्यक्षता में मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में बस्ती, सिद्धार्थनगर और संतकबीरनगर जनपदों के पुलिस अधीक्षकों सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

गोष्ठी के दौरान डीआईजी ने लंबित एवं आंशिक विवेचनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही गैंगस्टर, वांछित, पुरस्कार घोषित एवं गैर-जमानती वारंट (NBW) अभियुक्तों की शत-प्रतिशत गिरफ्तारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने चोरी व वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण, गो-तस्करी की रोकथाम, रात्रिकालीन सघन चेकिंग तथा महिला अपराध एवं एससी/एसटी एक्ट से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
साइबर अपराधों की रोकथाम हेतु जनपद स्तर पर साइबर एक्शन प्लान को प्रभावी ढंग से लागू करने, संदिग्ध मोबाइल/IMEI नंबरों को ब्लॉक कराने तथा अधिक से अधिक मोबाइल रिकवरी सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही CCTNS, IGRS, NCRB, मुख्यमंत्री डैशबोर्ड सहित विभिन्न पोर्टलों की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए।
डीआईजी ने जनता से संबंधित शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, मुख्यमंत्री जनता दर्शन एवं अन्य उच्चस्तरीय पोर्टलों पर प्राप्त प्रार्थना-पत्रों के समयबद्ध समाधान पर विशेष बल दिया। इसके अलावा मिशन शक्ति, परिवार परामर्श केंद्र तथा ऑपरेशन क्लीन, खोज और दहन अभियानों को और प्रभावी बनाने को कहा गया।
बैठक में विभागीय लंबित प्रकरणों, प्रारंभिक जांच, मृतक आश्रित नियुक्ति व चिकित्सा प्रतिपूर्ति से जुड़े मामलों के शीघ्र निस्तारण के भी निर्देश दिए गए। साथ ही सिट्रेन व आईगॉट पोर्टल पर कर्मियों के प्रशिक्षण को जल्द पूरा करने को कहा गया।
इस अवसर पर डॉ. अभिषेक महाजन डॉ. यशवीर सिंह संदीप कुमार मीना (वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, सिद्धार्थनगर), (वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, बस्ती), (पुलिस अधीक्षक, संतकबीरनगर) सहित परिक्षेत्रीय कार्यालय के शाखा प्रभारी व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
