-हमला करने के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग।
मेरठ। मेरठ में अधिवक्ता पर हुए हमले के विरोध में शनिवार को शहर के अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश देखा गया। हजारों की संख्या में वकील एसएसपी कार्यालय पहुंचे और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन करते हुए कार्यालय का घेराव किया। यह घटना गुरुवार शाम कोतवाली थाना क्षेत्र के सर्राफा बाजार में हुई थी।
अधिवक्ता आशुतोष शर्मा अपने साथी निवेश चौधरी के साथ बाजार गए थे। इसी दौरान एक दुकान के बाहर बाइक खड़ी करने को लेकर उनका दुकान मालिक से विवाद हो गया।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दुकान मालिक के बेटे शिवम अग्रवाल ने अधिवक्ता आशुतोष शर्मा पर पंच से हमला कर दिया, जिससे उनकी नाक टूट गई। यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी हुआ था।
मामले में कोतवाली पुलिस ने गुरुवार रात ही शिवम अग्रवाल, उसके पिता और चार-पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया था। हालांकि, अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। अधिवक्ता आशुतोष शर्मा का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
इसी के विरोध में अधिवक्ताओं ने शनिवार को एसएसपी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की सूचना मिलने पर सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने अधिवक्ताओं को जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। सीओ ने कोतवाली इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह को तुरंत कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
इस दौरान मेरठ बार एसोसिएशन के महामंत्री अधिवक्ता परवेज आलम ने कहा कि अधिकारी के आश्वासन से अधिवक्ता फिलहाल संतुष्ट हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
