लखनऊ। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने सर्किट हाउस वाराणसी में विद्युत विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने आगामी गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए विभागीय तैयारियों का गहन आकलन किया और अधिकारियों से विद्युत आपूर्ति की वर्तमान स्थिति, क्षमता वृद्धि, अनुरक्षण कार्यों, ट्रांसफार्मरों की उपलब्धता तथा फाल्ट रेस्पॉन्स सिस्टम के संबंध में विस्तार से जानकारी प्राप्त की।
ऊर्जा मंत्री ने निर्देश दिए कि सभी उपकेंद्रों पर आवश्यक उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित कार्रवाई दल (रैपिड रिस्पॉन्स टीम) सक्रिय रखे जाएं। उन्होंने अंडरग्राउंड केबलिंग कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए इसे निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही जर्जर तारों को बदलने, ओवरलोडिंग की समस्या को दूर करने तथा एक महीने के भीतर बांस-बल्ली के स्थान पर सुरक्षित एवं स्थायी ढांचे विकसित करने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने यह भी कहा कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में संतुलित विद्युत वितरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि कहीं भी अनावश्यक कटौती की स्थिति उत्पन्न न हो।बैठक के दौरान मंत्री ने अनुरक्षण कार्यों में तेजी लाने के कड़े निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि कार्य में लापरवाही या शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने ट्रिपिंग की समस्या पर विस्तार से जानकारी लेते हुए इसे न्यूनतम स्तर पर लाने के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।
।ऊर्जा मंत्री ने शहर के महत्वपूर्ण स्थलों जैसे वाराणसी रेलवे स्टेशन, लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, संकट मोचन मंदिर तथा ताज होटल वाराणसी पर विद्युत आपूर्ति की स्थिति की विशेष समीक्षा की और इन स्थानों पर 24×7 निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर विद्युत व्यवस्था विशेष रूप से सुदृढ़ रखी जाए, जिससे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इसके अतिरिक्त मंत्री ने पूर्वांचल के सभी जिलों में विद्युत आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को पूरी सतर्कता, जवाबदेही और समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन को बेहतर, सुरक्षित और निर्बाध विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक शंभू कुमार, अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
