•प्रतिष्ठित कलाकारों के बीच रोमांचक मुकाबला, भक्ति और वीररस से सराबोर हुआ माहौल।
कुदरहा, बस्ती: राम नवमी के पावन अवसर पर दुबेहना देवी मंदिर परिसर में पूर्व ब्लाक प्रमुख व भाजपा पिछड़ा मोर्चा जिलाध्यक्ष ब्रह्मदेव यादव देव के नेतृत्व में जवाबी बिरहा का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देर शाम तक लोकगीतों की गूंज से वातावरण भक्तिमय और उत्साहपूर्ण बना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लाक प्रमुख अनिल दुबे, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि बालकृष्ण त्रिपाठी ‘पिंटू’, दिल्ली विश्वविद्यालय के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. मंगल देव यादव एवं महंथ पाल द्वारा मां दुर्गा की प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर ब्लाक प्रमुख अनिल दुबे ने कहा कि वर्तमान समय में लोकगीतों की परंपरा धीरे-धीरे विलुप्त होती जा रही है। युवा वर्ग इनसे दूरी बना रहा है, जबकि लोकगीत हमारी सांस्कृतिक धरोहर हैं और इन्हें सहेजना हम सभी का कर्तव्य है।
कार्यक्रम के आयोजक ब्रह्मदेव यादव देव ने बताया कि उनके पिता स्वर्गीय महात्मा घनश्याम के अथक प्रयासों से दुर्गा मंदिर का निर्माण हुआ था। वे स्वयं बिरहा गायन के प्रति समर्पित थे और उन्हीं की प्रेरणा से हर वर्ष राम नवमी पर इस आयोजन की परंपरा निभाई जा रही है।
कार्यक्रम में आकाशवाणी एवं दूरदर्शन लखनऊ से जुड़े कलाकार रविशंकर देहाती तथा बिहार की रवीना रंजन के बीच जबाबी बिरहा का रोमांचक मुकाबला हुआ। भजन, भक्ति, प्रेम और सामाजिक संदेशों से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। विशेष रूप से वीररस की प्रस्तुतियों ने खूब तालियां बटोरीं।
समापन अवसर पर सभी कलाकारों को सम्मानित किया गया तथा पूरे दिन भंडारे के माध्यम से प्रसाद वितरण किया गया।
कार्यक्रम में महंथ पाल, संजय पांडेय, ओमकार चौधरी, जीत बहादुर, रामभेज यादव, पाचू यादव, अंबिका यादव, भोलू पाल, सचिन कन्नौजिया, रामललित यादव सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
