•काष्ठ निर्मित प्रतिमा और ‘रामजन्म’ पांडुलिपि ने आकर्षित किया दर्शकों का ध्यान।
प्रयागराज। राम नवमी के पावन अवसर पर इलाहाबाद संग्रहालय में भगवान श्रीराम को समर्पित विशेष प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। इस प्रदर्शनी में काष्ठ निर्मित श्रीराम प्रतिमा एवं ‘रामजन्म’ से संबंधित पांडुलिपि को प्रदर्शित किया गया है, जिसका आयोजन राजकीय पांडुलिपि पुस्तकालय, प्रयागराज के सहयोग से किया गया।



प्रदर्शनी का उद्घाटन संत श्री बलबीर गिरि द्वारा किया गया। इस अवसर पर मंडलायुक्त एवं संग्रहालय निदेशक सौम्या अग्रवाल भी उपस्थित रहीं। उन्होंने अतिथियों का स्वागत करते हुए प्रदर्शनी के उद्देश्य और महत्व की जानकारी दी तथा संग्रहालय की विभिन्न वीथिकाओं का अवलोकन कराया।
इस अवसर पर संत श्री बलबीर गिरि ने कहा कि राम नवमी के दिन इस प्रदर्शनी का आयोजन हमारी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने भगवान श्रीराम के जीवन मूल्यों- मर्यादा, सत्य, त्याग और आदर्श आचरण को अपनाने का संदेश दिया।
प्रदर्शनी में प्रदर्शित काष्ठ प्रतिमा को प्राचीन शिल्पकला का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए उन्होंने कहा कि ‘रामजन्म’ पांडुलिपि हमारी समृद्ध साहित्यिक और ज्ञान परंपरा की अमूल्य धरोहर है। इस प्रकार के आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने और उनमें गर्व की भावना विकसित करने में सहायक सिद्ध होंगे।
कार्यक्रम का संयोजन सहायक संग्रहाध्यक्ष डॉ. संजू मिश्रा द्वारा किया गया। इस अवसर पर डॉ. अजय कुमार मिश्र, डॉ. राजेश कुमार मिश्र, डॉ. वामन वानखेड़े, सुनील कुमार पाण्डेय, सोनिका तिवारी, शशांक त्रिपाठी सहित संग्रहालय के अधिकारी, कर्मचारी एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
