•13 वर्षीय छात्रा से दुष्कर्म व जातिसूचक टिप्पणी का आरोप, गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज।
लखनऊ। गोसाईंगंज क्षेत्र में एक गंभीर आपराधिक मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्यूशन शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है। प्राप्त लिखित तहरीर के आधार पर दर्ज मुकदमे में वादी ने आरोप लगाया है कि उसकी 13 वर्षीय पुत्री के साथ उसके ट्यूशन शिक्षक ने दुष्कर्म एवं छेड़छाड़ की घटना को अंजाम दिया। साथ ही आरोप है कि आरोपी ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।
प्रकरण में मुकदमा अपराध संख्या 105/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 74, 65(1), 89, 351(3) के अलावा लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (POCSO Act) की धारा 5/6 तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(1)(द), 3(1)(ध) व 3(2)(वा) के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
मामले की विवेचना सहायक पुलिस आयुक्त, गोसाईंगंज द्वारा की जा रही है। अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए गठित पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी और आरोपी वीर सिंह यादव उर्फ विराज, निवासी ग्राम भभुआ थाना मरका जनपद बांदा, हाल पता बी-28/एस3 बसेरा-1 थाना सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस स्टेशन, को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को संबंधित धाराओं में हिरासत में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में जांच जारी है।
