लखनऊ। प्रदेश सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में पूर्वांचल विकास निधि (राज्यांश) के अंतर्गत बस्ती जनपद की सात विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन हेतु कुल 2 करोड़ 32 लाख 25 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। इस संबंध में नियोजन विभाग द्वारा शासनादेश जारी कर धनराशि स्वीकृति की सूचना जिलाधिकारी बस्ती को प्रेषित कर दी गई है।
जारी आदेश के अनुसार विकास खण्ड दुबौलिया के लिए 29.35 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। विकास खण्ड परसरामपुर के ग्राम कंजातिवारी में 29.11 लाख रुपये तथा ग्राम मदनापुर में 19.78 लाख रुपये की परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं। विकास खण्ड बस्ती सदर के लिए 70.19 लाख रुपये, विकास खण्ड गौर के लिए 36.64 लाख रुपये प्रदान किए गए हैं।
इसके अतिरिक्त दाऊदपट्टी से तेलियाडीह मार्ग के निर्माण हेतु 23.98 लाख रुपये तथा जिगिना रामपुर मार्ग से बरी पोखरा तक सड़क निर्माण के लिए 23.20 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
इन स्वीकृत परियोजनाओं के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में संपर्क मार्गों का निर्माण, पिच मार्गों का नवनिर्माण, खड़ंजा मार्ग का लेपन कार्य तथा सीसी सड़क निर्माण कराया जाएगा। इन कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी और स्थानीय नागरिकों को आधारभूत ढांचे की मजबूती का लाभ मिलेगा।
शासनादेश में स्पष्ट किया गया है कि स्वीकृत धनराशि संबंधित जनपद के जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी द्वारा जिलाधिकारी की अनुमति से आहरित कर उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि परियोजनाओं का कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित किया जा सके।
