राकेश कुमार की रिपोर्ट।
प्रयागराज। जनपद के चिलबिला बाजार, भारतगंज क्षेत्र में मंगलवार शाम सर्राफा व्यवसायी से हथियारबंद बदमाशों द्वारा लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बाइक सवार तीन बदमाशों ने व्यापारी पर हमला कर 200 ग्राम सोना, पांच किलो चांदी, नकदी एवं लाइसेंसी रिवॉल्वर लूट ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भारतगंज कस्बा नई बाजार निवासी प्रदीप सोनी की चिलबिला बाजार में आभूषण की दुकान है। मंगलवार शाम लगभग सात बजे वह दुकान बंद कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वीपी प्रतापपुर मार्ग पर चकडीहा पंचायत भवन के सामने पीछे से आए तीन बाइक सवार बदमाशों ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
व्यवसायी के सड़क पर गिरते ही बदमाशों ने मारपीट शुरू कर दी। बताया गया कि आत्मरक्षा में व्यापारी ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर निकालने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने रिवॉल्वर छीन ली। इसके बाद हेलमेट उतारकर तमंचे की बट से सिर और चेहरे पर प्रहार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटनास्थल से कुछ दूरी पर मौजूद दुकानदार शोर सुनकर मौके पर पहुंचे, किंतु बदमाशों के हाथ में तमंचा देख हस्तक्षेप करने का साहस नहीं जुटा सके। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मांडा रोड की ओर फरार हो गए।
घायल व्यवसायी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मांडा में भर्ती कराया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। सूचना मिलने पर एसीपी मेजा एसपी उपाध्याय अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
व्यवसायी के भाई रंजीत सोनी द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर में बताया गया है कि बदमाश लगभग 200 ग्राम सोना, पांच किलो चांदी, करीब एक लाख रुपये नकद तथा लाइसेंसी रिवॉल्वर लूट ले गए। उन्होंने बताया कि चिलबिला बाजार में दोनों भाइयों की दो आभूषण की दुकानें संचालित हैं।
एसीपी मेजा एसपी उपाध्याय ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन कर दिया गया है। आसपास के मार्गों पर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है तथा संभावित सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
