लखनऊ। पुलिस आयुक्त (अमरेन्द्र कुमार सेंगर) के निर्देशन में पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ द्वारा दोपहिया वाहनों के विरुद्ध विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई करते हुए कुल 1508 वाहनों का चालान किया गया तथा 40 वाहनों को सीज किया गया।
दिनांक 3 अप्रैल 2026 को संचालित इस अभियान के दौरान बिना हेलमेट, मॉडिफाइड साइलेंसर, तेज गति, ट्रिपल राइडिंग, बिना नंबर प्लेट, अवैध रूप से बदले गए वाहन पार्ट्स तथा बिना वैध दस्तावेज के वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई। कई वाहनों को वैध दस्तावेज न होने और अवैध परिवर्तन के कारण सीज किया गया।
यह विशेष अभियान शहर के पांचों जोनों—पश्चिमी, मध्य, उत्तरी, पूर्वी और दक्षिणी—में पुलिस उपायुक्तों के नेतृत्व में चलाया गया। अभियान को तीन शिफ्टों में प्रातः 7 से 9 बजे, दोपहर 12 से 2 बजे तथा रात्रि 9 से 11 बजे तक प्रमुख बाजारों, चौराहों, बस स्टैंडों और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर संचालित किया गया।
अभियान के दौरान कैसरबाग-हुसैनगंज, नखास, अटल चौक, तेलीबाग चौराहा, 1090 चौराहा, आईटी चौराहा, निशातगंज क्रॉसिंग और अवध चौराहा सहित अन्य व्यस्त स्थानों पर सघन चेकिंग की गई। पुलिस टीमों ने चालान कार्रवाई के साथ-साथ वाहन चालकों को हेलमेट के महत्व और यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक भी किया।
लखनऊ पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनें, मोबाइल फोन का प्रयोग न करें, वाहनों में अवैध बदलाव न करें तथा गति सीमा और अन्य यातायात नियमों का पालन करें।
पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सेंगर ने कहा कि यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने की यह पहल एक दीर्घकालिक प्रतिबद्धता है, जिसका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं को कम करना और लोगों के जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। भविष्य में भी सड़क सुरक्षा के लिए इस प्रकार के अभियान लगातार जारी रहेंगे।
