के.के. मिश्रा संवाददाता।
संत कबीर नगर: जनपद के सभी विद्यालय संचालकों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने स्कूली वाहनों का पंजीकरण अनिवार्य रूप से ऑनलाइन सुनिश्चित करें। विद्यालयी वाहनों की सुरक्षा, निगरानी एवं वैधानिक अनुपालन को ध्यान में रखते हुए परिवहन विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा UP-ISVMP पोर्टल विकसित किया गया है, जो 01 अप्रैल 2026 से संचालित हो रहा है।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रियंवदा सिंह ने बताया कि इस पोर्टल पर विद्यालयों द्वारा संचालित सभी वाहनों का पंजीकरण किया जा रहा है, जिससे उनकी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा सके।
इसी क्रम में उप परिवहन आयुक्त (परिक्षेत्र) अयोध्या राजकुमार सिंह ने खलीलाबाद स्थित नवल्स नेशनल एकेडमी एवं सूर्या इंटरनेशनल एकेडमी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय संचालकों को निर्देश दिए कि सभी स्कूली वाहनों को शीघ्रता से पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकृत कराया जाए।
इस अवसर पर सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) बस्ती सुरेश कुमार, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी प्रियंवदा सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
