बस्ती। अखिल भारतीय संयुक्त शिक्षक महासंघ के आह्वान पर टेट (शिक्षक पात्रता परीक्षा) की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग को लेकर 13 अप्रैल को जनपद में मशाल जुलूस निकाला जाएगा। इसे लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
गुरुवार को प्रेस क्लब में आयोजित तैयारी बैठक में प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष एवं महासंघ के संयोजक उदय शंकर शुक्ल के नेतृत्व में कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई। बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि टेट अनिवार्यता समाप्त करने की मांग को लेकर शिक्षकों द्वारा राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्य न्यायाधीश, नेता प्रतिपक्ष और प्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्र भेजा जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है।
उन्होंने बताया कि 13 अप्रैल को जिला स्तर पर मशाल जुलूस निकाला जाएगा, जबकि 3 मई को लखनऊ में महारैली आयोजित की जाएगी। उन्होंने सभी शिक्षकों से मशाल जुलूस में अनिवार्य रूप से शामिल होकर एकजुटता प्रदर्शित करने का आह्वान किया।
बैठक में अटेवा के अध्यक्ष तौआब अली, जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ के अध्यक्ष अंबिका पाण्डेय, माध्यमिक शिक्षक संघ एकजुट के अध्यक्ष अजय वर्मा, टीएससीटी के अध्यक्ष प्रमोद ओझा तथा प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला मंत्री राघवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि कार्यक्रम की सफलता के लिए शिक्षकों के बीच व्यापक संपर्क अभियान चलाया जा रहा है।
सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि मशाल जुलूस प्रेस क्लब बस्ती से जिलाधिकारी कार्यालय तक निकाला जाएगा, जहां ज्ञापन भी सौंपा जाएगा। सभी संगठनों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की गई है।
