लखनऊ। थाना जानकीपुरम क्षेत्र में शनिवार को लाइसेंसी बंदूक साफ करते समय अचानक गोली चल जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।पुलिस के अनुसार डायल 112 पर दूरभाष के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि प्रकाश मिश्रा (उम्र करीब 50 वर्ष), निवासी मकान संख्या 55, पिंक सिटी मिर्जापुर, थाना जानकीपुरम, अपने घर में लाइसेंसी बंदूक की साफ-सफाई कर रहे थे।
इसी दौरान अचानक गोली चल गई, जिससे उन्हें गंभीर चोट लगी और मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई।
सूचना मिलते ही थाना जानकीपुरम पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। प्रभारी निरीक्षक स्वयं मौके पर मौजूद रहकर आवश्यक कार्रवाई कर रहे हैं। घटना की पुष्टि और अन्य पहलुओं की जांच के लिए घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया, जो मौके से साक्ष्य एकत्र कर रही है।
पुलिस द्वारा घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया जा रहा है तथा आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना से संबंधित विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है, जिससे घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूर्ण कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है।
———-
