— के.के. मिश्रा, संवाददाता
संत कबीर नगर। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में जनपद में 22 फरवरी को आयोजित होने वाले वृहद (मेगा) विधिक सेवा सहायता शिविर की तैयारियों को लेकर मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी ने विकास भवन में समीक्षा बैठक की।
बैठक में उपस्थित जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं न्यायिक अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने कहा कि अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विभिन्न विभागों से समन्वय स्थापित कर शिविर को सफल बनाने पर बल दिया।
मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में ज्यादा से ज्यादा लाभार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए तथा योजनाओं की जानकारी आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाई जाए।
बैठक में जिला विकास अधिकारी प्रेम प्रकाश त्रिपाठी, लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के चीफ अन्जय कुमार श्रीवास्तव, डीसी मनरेगा प्रभात कुमार द्विवेदी, कृषि विभाग के राकेश कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
