— के.के. मिश्रा, संवाददाता।
संत कबीर नगर। नाथनगर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत भगता के मोहल्ला नैना झाला निवासी लवकुश यादव के दो पुत्रों का एक साथ अर्द्धसैनिक बलों में चयन होने से परिवार और क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार लवकुश यादव के बड़े पुत्र अंकित यादव, जो वर्तमान में स्नातक अंतिम वर्ष के छात्र हैं, का चयन एसएससी जीडी के माध्यम से भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (ITBP) में हुआ है। वहीं छोटे पुत्र अतुल यादव का चयन एसएससी जीडी के तहत सीमा सुरक्षा बल (BSF) में हुआ है।
दोनों होनहार युवाओं ने देश सेवा का अवसर मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनके लिए गर्व और सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी के साथ करेंगे।
एक साथ दोनों पुत्रों के चयन से पिता लवकुश यादव एवं परिवारजन अत्यंत प्रफुल्लित हैं। क्षेत्र के लोगों ने भी इसे गौरव का विषय बताते हुए परिवार को बधाई दी है।
