•वाराणसी लखनऊ मार्ग पर रवानिया पूरब गांव पास से हुई गिरफ्तारी।
कुड़वार/सुल्तानपुर। उड़ीसा से लखनऊ ले जाई जा रही गांजा लदी ट्रक को पकड़ने में पुलिस ने सफलता पाई है। पुलिस ने माल बरामदगी के आधार पर बंधुआ कला थाने में मुकदमा दर्ज कर ट्रक चालक व खलासी को गिरफ्तार कर लिया। अभी अवैध गांजे की सप्लाई चेन के खुलासे तक पुलिस नहीं पहुंच पाई है।
बुधवार को मुखबिर की सूचना पर एसटीएफ लखनऊ उपनिरीक्षक फैजुद्दीन सिद्दीकी, एसओजी सुल्तानपुर प्रभारी शिवानंद यादव, थानाध्यक्ष कुड़वार तरुण पटेल, थानाध्यक्ष बंधुआ कला प्रमोद कुमार की टीम ने वाराणसी लखनऊ मार्ग पर असरोगा टोल प्लाजा के आगे रवनिया पूरब गांव के पास ट्रक की चेकिंग की तो उसमें कुछ मात्रा में चूना व 50 बोरी में कुल 15 कुंतल 20 किग्रा गांजा मिला।
पुलिस ट्रक को लेकर हाइवे पर इस्लामगंज बाजार स्थित बंधुआ कला थाने पहुंची। जहां पर मुकदमा दर्ज करते हुए ट्रक चालक व खलासी को गिरफ्तार कर लिया। ट्रक लेकर उड़ीसा से लखनऊ जा रहे लोगो की पहचान नासिर पुत्र स्व अली हसन निवासी थाना सिखरेड़ा मुजफ्फरनगर व वर्ष आर्या पुत्र स्व जय नारायण निवासी मोहान रोड थाना पारा फतेहगंज लखनऊ के रूप में हुई।
गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस ने 15 कुंतल 20 किग्रा गांजे के साथ एक 14 टायरा ट्रक, 02 मोबाइल व 4150 रुपए नगद बरामद किया है।
सीओ सिटी सौरभ सामंत ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल न्यायालय में पेश किया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपी केवल माल पहुंचाने वाले है। यह तस्करी कौन करवा रहा था। माल लखनऊ में किसके पास ले जाया जा रहा है। उड़ीसा में कहां से माल लाया जा रहा था। इसकी विवेचना की जा रही है। जल्द ही पूरे नेटवर्क को पकड़कर खुलासा किया जाएगा
