•‘प्रेशर’ नाटक में मानसी यादव बनीं सर्वश्रेष्ठ सह-अभिनेत्री।
गोरखपुर। आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना, रायबरेली में आयोजित अखिल रेल हिंदी नाट्योत्सव-2025 के पुरस्कार वितरण समारोह में पूर्वोत्तर रेलवे मुख्यालय, गोरखपुर की नाटक टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इस नाट्योत्सव में भारतीय रेल के विभिन्न जोनों की कुल 20 टीमों ने भाग लिया, जिसमें पूर्वोत्तर रेलवे की टीम ने ‘प्रेशर’ नाटक का मंचन कर दर्शकों और निर्णायकों का ध्यान आकर्षित किया।
पुरस्कार वितरण समारोह में रेलवे बोर्ड की निदेशक (राजभाषा) डॉ. वी. सुगुणा एवं आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना के महाप्रबन्धक विवेक खरे ने पूर्वोत्तर रेलवे की टीम को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया। वहीं ‘प्रेशर’ नाटक में प्रभावशाली अभिनय के लिए सुश्री मानसी यादव को सर्वश्रेष्ठ सह-अभिनेत्री के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
पूर्वोत्तर रेलवे की नाट्य टीम का नेतृत्व वरिष्ठ अनुवादक नागेश्वर नाथ श्रीवास्तव ने दल प्रबंधक के रूप में किया, जबकि नाटक का निर्देशन आसिफ जाहिर ने किया। इस उपलब्धि से पूर्वोत्तर रेलवे में हर्ष का माहौल है।
