गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार (23 अप्रैल) को गोरखपुर को 1054 करोड़ रुपये की लागत वाली 470 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इन परियोजनाओं में 173 कार्यों का लोकार्पण तथा 297 कार्यों का शिलान्यास शामिल है।
लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम का आयोजन एकला बांध पर विकसित ईको पार्क में किया जाएगा, जिसे मुख्यमंत्री जनता को समर्पित करेंगे। उल्लेखनीय है कि जिस स्थान पर यह पार्क विकसित किया गया है, वहां पहले कूड़े का बड़ा ढेर था। नगर निगम द्वारा 2.26 लाख मीट्रिक टन लिगेसी वेस्ट के वैज्ञानिक निस्तारण के बाद 40 एकड़ भूमि को ईको पार्क के रूप में विकसित किया गया है। नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम के तहत करीब 5 करोड़ रुपये की लागत से बने इस पार्क में वाकिंग ट्रैक, फुटपाथ, योग एवं ध्यान स्थल तथा बच्चों के लिए किड्स जोन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
मुख्यमंत्री इस अवसर पर 8.35 करोड़ रुपये की लागत से एकला बांध पर कराए गए सड़क चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण कार्य तथा 7.71 करोड़ रुपये की लागत से राजघाट पुल से कारकस प्लांट तक सड़क सुधार कार्य का भी लोकार्पण करेंगे।304.68 करोड़ रुपये की लागत से लोकार्पित होने वाले 173 कार्यों में विभिन्न वार्डों में सड़क व नाली निर्माण के 87 कार्य (95.77 करोड़ रुपये), जल निकासी के लिए 83 नाला निर्माण कार्य (129.85 करोड़ रुपये) तथा 58 करोड़ रुपये के महापौर/पार्षद वरीयता कार्य शामिल हैं।
सीएम ग्रिड के तहत स्मार्ट सड़कों का विस्तारमुख्यमंत्री सीएम ग्रिड (चीफ मिनिस्टर ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट) योजना के तहत 6 स्मार्ट सड़कों के निर्माण से जुड़ी परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। तृतीय चरण में 45.68 करोड़ रुपये की लागत से गणेश चौक से विश्वविद्यालय चौक एवं अलंकार ज्वेलर्स से एचपी स्कूल होते हुए हरिओम नगर तिराहा तक, 23.43 करोड़ रुपये से स्पोर्ट्स कॉलेज रोड से जायसवाल मार्ट तक तथा 21.60 करोड़ रुपये से कचहरी चौक से शास्त्री चौक होते हुए बेतियाहाता चौक तक सड़क का विकास किया जाएगा।
इसके अलावा तृतीय अनुपूरक चरण में 63.94 करोड़ रुपये की लागत से बेतियाहाता चौक से अलहदादपुर तिराहा, टीडीएम तिराहा से टीपीनगर तक एवं रैन बसेरा रोड से एनएच-28 तक, 62.94 करोड़ रुपये से टीडीएम तिराहा से पांडेयहाता पुलिस चौकी होते हुए हाबर्ट बांधा तक तथा 25.45 करोड़ रुपये से अलहदादपुर तिराहा से रायगंज होते हुए घंटाघर तक सड़क का कायाकल्प किया जाएगा।
अन्य प्रमुख शिलान्यास परियोजनाएंउपवन योजना के तहत 6.44 करोड़ रुपये की लागत से तीन पार्कों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। विभिन्न वार्डों में जल निकासी के लिए 107.44 करोड़ रुपये की लागत से नाला निर्माण कार्य, गुलरिहा थाने से चिलुआताल तक 123.81 करोड़ रुपये की लागत से आरसीसी स्टॉर्म वाटर ड्रेन निर्माण तथा 35.01 करोड़ रुपये की लागत से ग्रीन बेल्ट एवं मिनी फॉरेस्टेशन के कार्य भी किए जाएंगे।
स्वच्छ स्कूल अभियान का शुभारंभ
इस अवसर पर मुख्यमंत्री स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के तहत ‘स्वच्छ स्कूल अभियान’ का भी शुभारंभ करेंगे। इस अभियान के माध्यम से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, स्वच्छता, रिड्यूस-रियूज-रिसाइकिल, मासिक धर्म स्वच्छता एवं जल संरक्षण जैसे विषयों पर जागरूकता बढ़ाई जाएगी।
अभियान के तहत विद्यार्थियों की भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए वार्ड, जोन और नगर स्तर पर वेस्ट टू आर्ट, निबंध, क्विज एवं रील्स प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। साथ ही स्कूल स्टार रेटिंग प्रणाली के माध्यम से विद्यालयों को 1, 3 और 5 स्टार स्वच्छ स्कूल का दर्जा दिया जाएगा, जिसका मूल्यांकन तृतीय पक्ष से कराया जाएगा।
