गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के औंड़िहार-छपरा रेलखंड पर स्थित बलिया जंक्शन रेलवे स्टेशन का अमृत स्टेशन योजना के अंतर्गत व्यापक पुनर्विकास किया जा रहा है। लगभग 40.47 करोड़ रुपये की लागत से हो रहे इस कार्य का उद्देश्य आगामी 50 वर्षों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए यात्रियों को आधुनिक एवं उन्नत सुविधाएं उपलब्ध कराना है।


बलिया जंक्शन देश के प्रमुख शहरों जैसे नई दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, लखनऊ, प्रयागराज, जयपुर, गुवाहाटी आदि से सीधे जुड़ा हुआ है। वर्तमान में इस स्टेशन से 44 मेल/एक्सप्रेस एवं सवारी गाड़ियां संचालित होती हैं और यहां यात्रियों की संख्या निरंतर बढ़ रही है।
पुनर्विकास कार्यों के तहत स्टेशन भवन का निर्माण पूरा कर लिया गया है। प्रथम प्रवेश द्वार पर सर्कुलेटिंग एरिया, पोर्च, ड्रेनेज, बाउंड्री वॉल, सड़क, पार्किंग एवं पाथ-वे का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। द्वितीय प्रवेश द्वार पर भवन निर्माण पूरा हो गया है, जबकि अन्य कार्य प्रगति पर हैं।
यात्रियों की सुविधा के लिए आधुनिक प्रतीक्षालय, एसी लाउंज एवं उन्नत प्रसाधन कक्ष तैयार किए गए हैं। प्लेटफार्म संख्या 2, 3 एवं 4 का विस्तार किया गया है तथा ग्रेनाइट फ्लोरिंग का कार्य जारी है। स्टेशन पर अतिरिक्त लिफ्ट एवं एस्केलेटर लगाए जा रहे हैं।
इसके अलावा दिव्यांगजन सुविधाएं, पार्किंग व्यवस्था, 12 मीटर चौड़ा फुट ओवर ब्रिज, प्लेटफार्म शेल्टर, आधुनिक साइनेज सिस्टम एवं बेहतर नेविगेशन जैसी सुविधाओं का भी विकास किया जा रहा है।
सभी कार्य पूर्ण होने के बाद बलिया जंक्शन एक आकर्षक, आधुनिक एवं यात्री-अनुकूल स्टेशन के रूप में विकसित होगा, जिससे यात्रियों को बेहतर अनुभव प्राप्त होगा।
