गोरखपुर। यात्रियों की बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने ग्रीष्मकाल में अतिरिक्त सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से गोरखपुर और नई दिल्ली के बीच विशेष द्विसाप्ताहिक ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह विशेष गाड़ी (05101/05102) गोरखपुर से 7 अप्रैल से 14 जुलाई, 2026 तक तथा नई दिल्ली से 8 अप्रैल से 15 जुलाई, 2026 तक कुल 29 फेरों के लिए संचालित की जाएगी।
05101 गोरखपुर-नई दिल्ली ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेन प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को गोरखपुर से शाम 4:00 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन आनंद नगर, सिद्धार्थनगर, बढ़नी, तुलसीपुर, बलरामपुर, गोंडा, सीतापुर, शाहजहाँपुर, बरेली, मुरादाबाद और गाजियाबाद होते हुए अगले दिन सुबह 7:30 बजे नई दिल्ली पहुँचेगी।
वापसी में 05102 नई दिल्ली-गोरखपुर विशेष ट्रेन प्रत्येक बुधवार और रविवार को नई दिल्ली से सुबह 9:45 बजे चलेगी और गाजियाबाद, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहाँपुर, सीतापुर, गोंडा, बलरामपुर, तुलसीपुर, बढ़नी, सिद्धार्थनगर तथा आनंद नगर मार्ग से होते हुए अगले दिन रात 1:00 बजे गोरखपुर पहुँचेगी।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, इस विशेष ट्रेन में कुल 22 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें 12 वातानुकूलित तृतीय इकोनॉमी, 4 शयनयान, 4 सामान्य द्वितीय श्रेणी, 1 एलएसएलआरडी तथा 1 जनरेटर सह लगेज यान शामिल होगा।
मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि यह विशेष सेवा गर्मियों में यात्रियों को सुगम और आरामदायक यात्रा का विकल्प प्रदान करेगी।
