बस्ती। शनिवार को पटेल एस.एम.एच. हॉस्पिटल एंड आयुष पैरामेडिकल कॉलेज, गोटवा के प्रबंधक, वरिष्ठ चिकित्सक एवं समाजसेवी डॉ. वी.के. वर्मा ने खो-खो इंडिया खेल प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
इस अवसर पर जूनियर नेशनल खिलाड़ी खुशी वर्मा, रजत पदक विजेता अर्तिका मिश्रा एवं भार्गवी सिंह को प्रशस्ति पत्र, शील्ड तथा नकद सहयोग राशि प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए डॉ. वर्मा ने कहा कि खो-खो को इस बार राष्ट्रीय स्तर पर जो पहचान मिली है, उससे स्थानीय खिलाड़ियों का मनोबल काफी बढ़ा है। यह सफलता पारंपरिक खेलों के लिए एक नए युग की शुरुआत है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाएं अब सशक्त मंच पाकर आगे बढ़ रही हैं। मिट्टी के मैदानों से निकलकर अपनी पहचान बनाने वाले खिलाड़ियों का संघर्ष अत्यंत प्रेरणादायक है। यह उपलब्धि भारतीय खो-खो खिलाड़ियों के लिए सामाजिक ही नहीं, बल्कि पेशेवर स्तर पर भी एक बड़ा प्रोत्साहन है।
इस अवसर पर खो-खो एसोसिएशन के सचिव राम सिंह एवं रणजी खिलाड़ी वीरेन्द्र चौधरी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
