बस्ती। जल संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से संत निरंकारी मिशन द्वारा चलाए जा रहे “प्रोजेक्ट अमृत” के चौथे चरण का शुभारंभ 22 फरवरी 2026 को प्रातः 8 बजे से 11 बजे तक देशभर में किया जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत नदियों, तालाबों, झीलों, कुओं और अन्य प्राकृतिक जल स्रोतों की स्वच्छता एवं संरक्षण का कार्य किया जाएगा।
संत निरंकारी मंडल बस्ती के मुखी लालमन चौधरी ने बताया कि यह अभियान देश के 1500 से अधिक स्थानों पर एक साथ आयोजित किया जाएगा। बस्ती में अमहट घाट कुआनो नदी पर मिशन के सेवादार के भाई बहन व महात्मा जन एकत्र होकर नदी की सफाई का कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि यह पहल केवल सफाई अभियान नहीं, बल्कि समाज में जल के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का भाव जागृत करने का एक प्रयास है।
उन्होंने बताया कि “स्वच्छ जल, स्वच्छ मन” के संदेश के साथ यह जनआंदोलन समाज के हर वर्ग को जोड़ने का कार्य कर रहा है। मिशन का उद्देश्य है कि जल को केवल संसाधन नहीं, बल्कि जीवन का आधार और ईश्वर की अमूल्य देन समझा जाए। इसकी रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है।
मुखी लालमन चौधरी ने कहा कि सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के मार्गदर्शन में चलाया जा रहा यह अभियान सेवा, समर्पण और सहयोग की भावना को सशक्त करता है। उन्होंने जनमानस से अपील की कि अधिक से अधिक लोग इस अभियान से जुड़कर जल संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएं।
अंत में उन्होंने कहा कि जब सेवा और समर्पण की भावना के साथ प्रकृति के संरक्षण का संकल्प लिया जाता है, तब समाज में सकारात्मक परिवर्तन संभव होता है। “प्रोजेक्ट अमृत” इसी दिशा में एक प्रेरणादायी कदम है।
