लखनऊ। राजधानी स्थित समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय में रविवार को बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला। विभिन्न दलों के कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पार्टी की नीतियों और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में विश्वास जताते हुए सपा की सदस्यता ग्रहण की।
सदस्यता ग्रहण करने वालों में पूर्व कैबिनेट मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी, पूर्व मंत्री अनीस अहमद खां उर्फ फूल बाबू, पूर्व विधायक दीना नाथ कुशवाहा, राजकुमार पाल, डॉ. दानिश खान, पूर्व एमएलसी हुस्ना सिद्दीकी, पूनम पाल तथा इटावा की पहली ड्रोन पायलट रंजना पाल सहित कई प्रमुख नाम शामिल रहे। इनके साथ बड़ी संख्या में समर्थकों ने भी सपा का दामन थामा।
इस अवसर पर नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने दावा किया कि कुल 15,718 लोग विभिन्न दलों को छोड़कर सपा में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि सभी नए कार्यकर्ता अनुशासन के साथ संगठन को मजबूत करेंगे और वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में सपा सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ कार्य करेंगे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि नए साथियों के आगमन से पार्टी को मजबूती मिलेगी और सामाजिक न्याय की लड़ाई को नई ऊर्जा प्राप्त होगी।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि लोकसभा चुनाव के बाद प्रदेश की राजनीति में यह घटनाक्रम सपा के लिए संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।
