•पूर्वोत्तर रेलवे का विशेष अभियान जारी, यात्रियों को स्वच्छ खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने पर जोर
गोरखपुर। रेल यात्रियों को स्वच्छ एवं शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन लगातार अभियान चला रहा है। ग्रीष्मकाल को ध्यान में रखते हुए रेलवे के तीनों मंडलों में विशेष जांच अभियान तेज कर दिया गया है।
महाप्रबंधक पूर्वोत्तर रेलवे उदय बोरवणकर के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत 15 अप्रैल को गोरखपुर-देवरिया सदर स्टेशनों के बीच विशेष टिकट जांच के दौरान 15708 अमृतसर-कटिहार एक्सप्रेस के एस-7 कोच में कार्रवाई की गई। जांच के दौरान 5 अनधिकृत वेंडर चना, पेड़ा, बिस्किट और पानी बेचते हुए पकड़े गए।
पकड़े गए सभी वेंडरों को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट, देवरिया सदर को सौंप दिया गया है। इस अभियान में वाणिज्य विभाग एवं आरपीएफ की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।
रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुविधा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए इस तरह के विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे, ताकि ट्रेनों में स्वच्छ एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।
