बस्ती। नगर पंचायत भानपुर द्वारा सोमवार को कर संबंधी जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक शिविर का आयोजन किया गया। सोनहा बाजार के मुख्य मार्ग पर आयोजित इस कैम्प में आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और व्यापारियों को संपत्ति कर की गणना, गृहकर एवं जलकर से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई।
अधिशासी अधिकारी ऋचा सिंह ने बताया कि संपत्ति कर निर्धारण के आधार पर कुल कर में गृहकर और जलकर का हिस्सा शामिल होता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जलकर और जलमूल्य अलग-अलग व्यवस्थाएं हैं। जब निकाय द्वारा पाइपलाइन से जल आपूर्ति की जाएगी, तभी जलमूल्य लागू किया जाएगा।
शिविर के दौरान कई लोगों ने अपने भवनों के क्षेत्रफल की पुनः माप एवं कर का पुनर्मूल्यांकन कराने की मांग भी रखी। इस अवसर पर कुल 17 लोगों ने अपने कर का भुगतान किया। साथ ही यह जानकारी दी गई कि 31 मार्च 2026 तक कर जमा करने पर छूट का लाभ भी मिलेगा।
गोष्ठी में उपस्थित लोगों ने पेयजल, सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सीवर से जुड़ी समस्याएं भी रखीं। इस पर अधिशासी अधिकारी ऋचा सिंह ने आश्वासन दिया कि सभी समस्याओं का चरणबद्ध तरीके से प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नगर पंचायत द्वारा विकास कार्यों और योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता लाने के लिए जनसहभागिता को बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
कार्यक्रम में विपिन जायसवाल, दीपक पांडेय, मदन गोपाल, मोहम्मद शरीफ सहित निकाय के कर्मचारी अविनाश मिश्र, अरुण कुमार, रवि सिंह, शिव कुमार यादव, मुकेश सिंह और नीतीश श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
