➡️ विज्ञान प्रदर्शनी का उद्घाटन, मेधावी छात्र-छात्राएं हुए सम्मानित।
गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के अंतर्गत संचालित एन.ई. रेलवे हायर सेकेंडरी स्कूल, जटेपुर रेलवे कॉलोनी में मंगलवार को वार्षिकोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी मनोज कुमार रहे।

मुख्य अतिथि ने समारोह का शुभारंभ करते हुए छात्र-छात्राओं द्वारा लगाई गई विज्ञान प्रदर्शनी का फीता काटकर उद्घाटन किया और विभिन्न मॉडलों का अवलोकन कर उनकी सराहना की।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत, अंग्रेजी कविता पाठ, हिंदी नाटक, कवि सम्मेलन एवं समूह नृत्य सहित विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्री मनोज कुमार ने विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि कड़ी मेहनत और लगन से ही सफलता प्राप्त की जा सकती है।
इससे पूर्व विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ बीर जी श्रीवास्तव ने विद्यालय की वार्षिक उपलब्धियों एवं भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान वर्षभर विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। इनमें कक्षा 6 के अविनाश प्रजापति, कक्षा 7 की प्रतिज्ञा तिवारी, कक्षा 8 के शशांक सिंह, कक्षा 9 के देवांश कुमार, कक्षा 10 की अल्पना पासवान, कक्षा 11 के यशदीप सिंह तथा कक्षा 12 के तन्मयी मिश्रा शामिल रहे।
इसके अतिरिक्त यशदीप सिंह को सर्वोत्तम छात्र, दिव्या विश्वकर्मा को सर्वोत्तम छात्रा, विनीत कुमार एवं रुतवी सिंह को क्रीड़ा चैंपियन तथा दिव्या विश्वकर्मा को साहित्य एवं सांस्कृतिक चैंपियन घोषित किया गया।
अंत में अध्यक्ष/आरआरसी एवं विद्यालय के कार्यकारी अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
