•संतकबीरनगर से 20 उपनिरीक्षक किए गए स्थानांतरित।
•सिद्धार्थनगर से भी एक इंस्पेक्टर 46 एसआई शामिल।
•सावन व त्योहार की वजह से 10 अगस्त को होंगे रिलीव।
बस्ती। परिक्षेत्र के पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल करते हुए डीआइजी रेंज के दो निरीक्षकों व 127 उपनिरीक्षकों के तबादले एक साथ कर दिए हैं। हालांकि अभी सावन माह में कांवड़ यात्रा व त्योहार के मद्देनजर इसके अनुपालन पर तत्काल जोर नहीं दिया गया है। अगले माह की दस तारीख को ट्रांसफर पुलिस कर्मियों को रिलीव करने की तारीख तय कर दी गई है। इस व्यापक तबादले से विभागीय हलकों में हड़कंप मच गया है। कई निरीक्षक, उपनिरीक्षक जहां तबादले को लेकर असहज हैं। इसे पुलिस की प्रशासनिक सख्ती से जोड़कर देखा जा रहा है। तबादले की इस सूची में कई संवेदनशील थानों व चौकी के प्रभारी भी शामिल हैं।
तबादला सूची में कई ऐसे पुलिसकर्मी शामिल हैं जो लंबे समय से एक ही स्थान पर जमे हुए थे। इनमें कुछ संवेदनशील थानों और विशेष जांच इकाइयों में तैनात अधिकारी भी तबादले की जद में हैं। इसमें बस्ती जिले एक निरीक्षक 61 उपनिरीक्षक, संतकबीरनगर के 20 एसआई व सिद्धार्थनगर के एक निरीक्षक व 46 उपनिरीक्षक शामिल हैं। पुलिस महकमे में इस तरह का व्यापक फेरबदल बड़े बदलाव का संकेत माना जा रहा है।
आंतरिक समीकरणों का असर
पुलिस विभाग की ओर से इसे नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया बताया गया है, लेकिन जानकारों का मानना है कि यह तबादला सूची केवल स्थानांतरण नहीं बल्कि विभाग के भीतर अनुशासन स्थापित करने की एक बड़ी पहल है। यह तबादले ऐसे हैं जो संबधित जनपद में अपना अधिकतम कार्यकाल पूर्ण कर चुके हैं।
महकमे में मचा हलचल, फील्ड स्तर पर दिखेगा असर
एक साथ इतने निरीक्षकों और उपनिरीक्षकों का तबादला होने से फील्ड स्तर पर असर पड़ना तय माना जा रहा है। कई महत्वपूर्ण जांचें और गश्त व्यवस्थाएं जिन अधिकारियों के अधीन थीं, अब नए सिरे से जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। इससे कार्यशैली और कानून-व्यवस्था की दिशा में भी परिवर्तन देखने को मिल सकता है।
तबादले एक सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा हैं, जिनका उद्देश्य प्रशासनिक दक्षता को बनाए रखना है। रेंज के बस्ती, संतकबीरनगर व सिद्धार्थनगर के पुलिस अधीक्षको को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने जिले से स्थानांतरित निरीक्षक व उपनिरीक्षकों को सावन का त्योहार निबट जाने के बाद 10 अगस्त 25 तक उन्हें हर हाल में उनके तैनाती वाले जनपद के लिए रिलीव कर दिए जाएं, ताकि वह कार्यभार ग्रहण कर लें।
: संजीव त्यागी, पुलिस उपमहानिरीक्षक, बस्ती रेंज
