Oplus_131072
सुल्तानपुर। मोतिगरपुर थाना क्षेत्र में तिलकोत्सव समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग कर साथी सिपाही को घायल करने के मामले में पुलिस ने आरोपी आबकारी सिपाही को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
घटना सोमवार रात करमाजितपुर गांव की है। रायबरेली में तैनात आबकारी विभाग के सिपाही सुरेंद्र कुमार यादव ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से हर्ष फायरिंग की। इसी दौरान चली गोली उनके साथ मौजूद सिपाही विनीत मिश्र (35) के पेट में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल विनीत मिश्र को प्रयागराज स्थित स्वरूप रानी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ऑपरेशन के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत खतरे से बाहर बताई है।
मामले में मोतिगरपुर थाने के उपनिरीक्षक श्रीराम मिश्र की तहरीर पर आरोपी सुरेंद्र कुमार यादव के खिलाफ मुकदमा संख्या 048/2026 दर्ज किया गया। आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 109, 7 सीएलए एक्ट तथा 25 (1बी) (9)/30 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
उपनिरीक्षक विनोद कुमार मिश्र और कांस्टेबल सुनील यादव ने मंगलवार शाम आरोपी को लखनऊ-बलिया हाईवे स्थित कैथवारा मोड़ के पास से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 32 बोर की ऑटोमेटिक पिस्टल (वेबली एंड स्कॉट, मेड इन इंडिया) बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार उक्त पिस्टल का लाइसेंस प्रयागराज जिले के फाफामऊ क्षेत्र के शान्तिपुरम पते से जारी है। बरामद हथियार को बैलिस्टिक जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेज दिया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
