चांदा(सुल्तानपुर)। बुधवार को लखनऊ-वाराणसी रेल ट्रैक पर एक मालगाड़ी से ईंट लदा ट्रैक्टर टकरा गया। इस घटना में ट्रैक्टर के परखच्चे उड़ गए और मालगाड़ी का इंजन क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के कारण रेल ट्रैक लगभग सवा घंटे तक बाधित रहा।
यह दुर्घटना बुधवार सुबह करीब साढे दस बजे थाना चांदा क्षेत्र के ग्राम सभा शेरपुर परशुरामपुर में पोल नंबर 887@22 और 887@24 के बीच हुई। मालगाड़ी के चालक ने दूर से ही ट्रैक्टर को देख लिया था और गति धीमी कर दी थी, जिससे एक बड़े हादसे को टाला जा सका। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर ट्रॉली पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
रेलवे पुलिस के मुताबिक, मालगाड़ी के इंजन का अगला बायां हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है। घटना के बाद मालगाड़ी सुबह साढे दस बजे से दोपहर बारह बजे तक घटनास्थल पर रुकी रही। ट्रैक खाली होने के बाद ही मालगाड़ी को आगे रवाना किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया – ट्रैक्टर ट्रॉली कोइरीपुर से ईंटें लादकर शेरपुर परशुरामपुर में किसी अज्ञात स्थान पर ले जा रही थी। हालांकि, ट्रैक्टर चालक या मालिक के बारे में अभी तक कोई विस्तृत जानकारी उपलब्ध नहीं है। घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ पुलिस और थाना कोतवाली चांदा से सब इंस्पेक्टर अवधेश सिंह यादव तथा सब इंस्पेक्टर अजय यादव मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद थे।
