➡️ समाधान न मिलने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी।
बस्ती। जनपद में टोल प्लाजा पर कथित मनमानी वसूली के विरोध में ट्रक संचालकों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को ट्रक एसोसिएशन के पदाधिकारियों की बैठक अपर जिला अधिकारी (एडीएम) की अध्यक्षता में हुई, लेकिन बैठक किसी ठोस निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकी।
बैठक में टोल प्लाजा प्रबंधन, अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी बस्ती सदर और यातायात निरीक्षक भी मौजूद रहे, बावजूद इसके ट्रक संचालकों की समस्याओं का समाधान नहीं निकल पाया।
आधा टोल शुल्क का प्रस्ताव, एसोसिएशन असंतुष्ट
बैठक में केवल मड़वानगर टोल प्लाजा पर ट्रकों से आधा टोल शुल्क लेने का प्रस्ताव रखा गया, जिसे ट्रक एसोसिएशन ने नाकाफी बताते हुए “औपचारिकता” करार दिया।
‘खुली लूट’ का आरोप
ट्रक एसोसिएशन के अध्यक्ष राजकुमार सिंह ने आरोप लगाया कि जिले में टोल प्लाजा के नाम पर खुली लूट हो रही है। उन्होंने कहा कि वाहन स्वामियों से नियमों के विरुद्ध जबरन वसूली की जा रही है और प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है।
उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि महज 30 किलोमीटर के दायरे में दो टोल प्लाजा कैसे स्थापित किए गए हैं, जो नियमों के विपरीत है और ट्रांसपोर्टरों पर दोहरा आर्थिक बोझ डाल रहा है।
वैकल्पिक रास्ते बंद करने का आरोप
एसोसिएशन ने आरोप लगाया कि टोल प्रबंधन द्वारा वैकल्पिक मार्गों और कटों पर बैरिकेडिंग कर दी गई है, जिससे वाहनों को जबरन टोल प्लाजा से गुजरने को मजबूर किया जा रहा है। इसे उन्होंने “जबरन वसूली की साजिश” बताया।
जनप्रतिनिधियों से भी की शिकायत
ट्रक संचालकों ने बताया कि इस मुद्दे को लेकर वे महेन्द्रनाथ यादव, संजय प्रताप जायसवाल और राम प्रसाद चौधरी से भी मिल चुके हैं। सभी ने समाधान का आश्वासन दिया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
आंदोलन की चेतावनी
एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को बाध्य होंगे। उनका कहना है कि यह मुद्दा केवल ट्रक संचालकों का नहीं, बल्कि व्यापारी वर्ग और आम जनता से भी जुड़ा हुआ है।
बैठक में दीपक सिंह, अरविंद कुमार गुप्ता, अनुरोध सिंह, महेश सिंह, प्रमोद यादव, संजय यादव, सुमित चौधरी, अवधेश कुमार, आशीष कुमार गुप्ता, विपुल त्रिपाठी सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
