बस्ती। जनपद के एक थाना क्षेत्र के विठलापुर गांव स्थित नहर के माइनर में सोमवार सुबह एक 40 वर्षीय सफाईकर्मी का शव बोरे में भरा हुआ मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 7 बजे गांव के कुछ ग्रामीण गेहूं की मड़ाई के लिए खेतों की ओर गए थे। इसी दौरान उन्होंने नहर के माइनर में एक संदिग्ध वस्तु देखी। पास जाकर देखने पर पता चला कि वह एक शव है, जिसे बोरे में भरकर फेंका गया था। शव का निचला हिस्सा (कमर से पैर तक) बाहर दिखाई दे रहा था, जबकि सिर खून से लथपथ अवस्था में बोरे के अंदर था।
घटना की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। उपस्थित लोगों ने मृतक की पहचान थाना क्षेत्र के अकला गांव के दड़वापुर निवासी विनय वर्मा (40 वर्ष), पुत्र रामफेर वर्मा के रूप में की। बताया गया कि मृतक हरैया विकासखंड के बरगदवा माफी गांव में सफाईकर्मी के पद पर तैनात था।
ग्रामीणों ने इस घटना में हत्या की आशंका जताई है। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
